राष्ट्रीय

किसान आंदोलन का 47वां दिन:खट्टर के कार्यक्रम में खलल डालने के मामले में 900 लोगों पर FIR, किसान नेता बोले- हम विरोध करते रहेंगे

किसान आंदोलन का आज 47वां दिन है। हरियाणा पुलिस ने करनाल में मनोहरलाल खट्टर के कार्यक्रम में खलल डालने के मामले में भारतीय किसान यूनियन (BKU) के गुरनाम सिंह चढूनी समेत 900 लोगों पर FIR दर्ज की है। करनाल में खट्टर के कार्यक्रम के लिए बना मंच रविवार को भीड़ ने तहस-नहस कर दिया था। साथ ही हेलीपैड भी खोद दिया था।

इधर, गुरनाम सिंह चढूनी का कहना है, ‘हां, हमने खट्टर साहब को रैली करने से रोका। भाजपा ने कहा था कि किसान आंदोलन को तोड़ने के लिए 700 रैलियां की जाएंगी। हम ऐसी रैलियों का विरोध करते रहेंगे।’

किसानों ने खट्टर का हेलीकॉप्टर नहीं उतरने दिया था
खट्टर रविवार को करनाल जिले के कैमला गांव में किसान महापंचायत करने वाले थे। CM वहां पहुंचते उससे पहले कृषि कानूनों का विरोध कर रहे प्रदर्शनकारी पहुंच गए और काले झंडे लहराते हुए नारेबाजी करने लगे। उन्होंने मंच पर भी तोड़फोड़ की। प्रदर्शनकारियों ने CM के हेलीकॉप्टर की लैंडिंग के लिए बने हेलीपैड को भी खोद दिया, इस वजह से खट्टर का हेलीकॉप्टर लैंड नहीं कर सका था।

खट्टर ने चढूनी पर किसानों को भड़काने का आरोप लगाया था
दिनभर के हंगामे के बाद रविवार शाम को मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने इस पर कड़ी टिप्पणी की था। उन्होंने पूरे घटनाक्रम को कांग्रेस की साजिश बताया था। साथ ही किसान नेता गुरनाम सिंह चढूनी पर किसानों को भड़काने का आरोप लगाया था।

जाह्नवी कपूर की फिल्म की शूटिंग रोकी

पंजाब के बस्सी पठानां में बॉलीवुड कलाकारों को किसानों के विरोध का सामना करना पड़ा। यहां अभिनेत्री जाह्नवी कपूर की फिल्म ‘गुड लक जैरी’ की शूटिंग आंदोलनकारियों ने रोक दी। शूटिंग के लिए जाह्नवी भी पहुंची हुई थीं। इस घटना के बाद फिल्म की यूनिट की तरफ से किसानों के संतुष्ट नहीं होने तक फिल्म का काम नहीं करने का भरोसा दिया गया। साथ ही जाह्नवी कपूर ने किसानों के पक्ष में अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर स्टेटस डाला, तब कहीं जाकर शूटिंग का काम फिर से शुरू हो पाया।

किसान आंदोलन का रोडमैप
संयुक्त किसान मोर्चा ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया-

  • 13 जनवरी को किसान संकल्प दिवस मनाया जाएगा। कृषि कानूनों की कॉपी जलाएंगे। 18 जनवरी को किसान महिला दिवस के रूप में मनाया जाएगा।
  • 23 जनवरी को नेताजी सुभाष चन्द्र की जयंती पर अलग-अलग गांवों से किसान दिल्ली के लिए रवाना होंगे। हर गांव से 5 ट्रैक्टर निकलेंगे, इनमें एक ट्रैक्टर महिलाओं का होगा।
  • 26 जनवरी के लिए तैयारी और तेज की जाएगी। कमेटी बनाकर हर घर से 26 जनवरी को आंदोलन में शामिल होने की अपील करेंगे।
  • जल्द ही एक ऐप लॉन्च किया जाएगा, जिस पर आंदोलन की LIVE कवरेज होगी और इमरजेंसी सर्विसेज दी जाएंगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

#

Please consider supporting us by disabling your ad blocker