पलकों की गांठ को हल्के में न लें, निजात पाने अपनाएं ये उपाय
आपने कई बार दोस्तों या परिवार के किसी सदस्य की पलकों पर गांठ को बनते हुए देखा होगा। आमतौर पर लोग इसे बिलनी समझकर नजरअंदाज कर देते हैं। लेकिन हमेशा ऐसा करना सेहत के लिए खतरनाक हो सकता है। दरअसल पलकों पर गांठ का बनना आमतौर पर एक तरह के इंफेक्शन की समस्या है। यह किसी भी व्यक्ति के पलकों पर एक गांठ के रूप में नजर आती है। यह गांठ पलकों के ऊपर या नीचे कहीं भी हो सकती है। यह गांठ मेबोमियन या ऑयल ग्लैंड में ब्लॉकेज की वजह से बनती है।
पलकों पर गांठ बनने के कारण- वायरल कंजक्टिवाइटिस से ग्रसित लोगों को यह परेशानी हो सकती है। आंखों के अंदर संक्रमण फैलने से हो सकती है गांठ। पलकों पर संक्रमण होने से हो सकती हैं गांठ। सेबरेया, रोज़ेसा, मुंहासे, क्रॉनिक ब्लेफेराइटिस से जूझ रहे लोगों को हो सकती है गांठ।
पलकों पर गांठ के लक्षण- पलकों पर गांठ और सूजन दिखना। देखने में दिक्कत होना। गांठ के आसपास उभरापन महसूस होना। कभी-कभी पलकों पर गांठ लाल दिखना।
पलकों पर गांठ ठीक करने के उपाय- डॉक्टर पलकों पर मौजूद गांठ को ठीक करने के लिए इलाज के तौर पर निम्न उपाय अपनाने की सलाह देते हैं।
गांठ पर करें सिंकाई – गांठ पर दिन में 4 से 5 बार सिंकाई करें। सिंकाई करने के लिए एक सूती कपड़ा लेकर उसे गर्म पानी में भिगोकर निचोड़कर आंखों पर सिंकाई करें। ऐसा करने से गांठ पर मौजूद कीटाणु इंफेक्शन से आपको राहत मिलेगी।
बार-बार हाथों से गांठ को छुएं नहीं- आंखों को गंदे हाथों से छूने की गलती न करें। ऐसा करने से आपकी परेशानी बढ़ सकती है।
हल्के हाथों से मसाज- कई बार हल्के हाथों से मसाज करने से भी राहत मिल सकती है। लेकिन ऐसा करने से पहले हाथों का साफ कर लें। इसके बाद ही धीरे-धीरे गांठ पर मसाज करें इससे गांठ में भरा तरल पदार्थ निकलने लगता है।
आई मेकअप से रहें दूर- जब तक पलकों पर गांठ ठीक न हो जाए आई मेकअप और लेंस पहनने से परहेज करें। ऐसा करने से आपकी परेशानी बढ़ सकती है।