नई दिल्ली। अमेरिका में इस्तेमाल की जा रही मॉडर्ना की कोरोना वैक्सीन को जल्द ही भारत में लॉन्च किया जा रहा है। दरअसल, टाटा ग्रुप का हेल्थ वेंचर मॉडर्ना वैक्सीन को भारत में लाने के लिए बातचीत कर रहा है। टाटा मेडिकल ऐंड डायग्नॉस्टिक्स आईसीएमआर के साथ मिलकर भारत में मॉडर्ना वैक्सीन का क्लिनिकल ट्रायल कर सकता है।
हालांकि, समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने जब इसको लेकर मॉडर्ना से संपर्क किया तो उसे कोई जवाब नहीं मिला।
फाइजऱ वैक्सीन को जहां माइनस 70 डिग्री सेल्सियस या उससे भी कम तापमान में रखने की जरूरत होती है तो वहीं मॉडर्ना की वैक्सीन को सामान्य फ्रिज के तापमान में भी रखा जा सकता है, जो कि भारत जैसे सीमित कोल्ड स्टोरेज वाले देशों के लिए ज्यादा मुफीद है।
नवंबर में मॉडर्ना के आखिरी चरण के ट्रायल के डेटा बताते हैं कि यह वैक्सीन 94.1 प्रतिशत असरदार है और इसको लेने के बाद कोई गंभीर साइड इफेक्ट्स की आशंका भी नहीं है। अमेरिका ने दिसंबर में और यूरोपीय देशों ने इसी महीने शुरू में मॉडर्ना के टीके को मंजूरी दी थी।
भारत ने यह अनिवार्य कर दिया है कि कोई भी वैक्सीन निर्माता भारत में आने से पहले यहां के लोगों पर ट्रायल करेगा। अभी भारत में भारत बायोटेक की कोवैक्सीन और ऑक्सफोर्ड एस्ट्रेजेनेका की सीरम इंस्टीट्यूट द्वारा बनाई कोविशील्ड वैक्सीन को मंजूरी मिली है।