वरुण धवन और नताशा दलाल 24 को लेंगे सात फेरे!
नई दिल्ली। अगले एक हफ्ते में वरुण धवन और नताशा दलाल शादी के बंधन में बंध जाएंगे, ऐसी खबरें आ रही हैं। कहा जा रहा है कि 24 जनवरी को दोनों अलीबाग में सात फेरे लेंगे। इसमें परिवार और करीबी दोस्त ही शामिल होंगे। करीब 200 लोगों का अलीबाग के होटल में इंतजाम किया गया है।
अब खबर आ रही है कि अलीबाग जाने से एक दिन पहले वरुण धवन और नताशा दलाल की ‘चुन्नी चढ़ाना’ सेरेमनी होगी। इसमें दोनों परिवार के लोग शामिल होंगे। नताशा दलाल के जुहू स्थित बंगले में वरुण धवन और उनका पूरा परिवार जाएगा। पिंकविला को एक सूत्र ने बताया कि वरुण धवन के परिवार वाले नताशा के घर जूलरी, गिफ्ट्स और मिठाई के साथ लाल रंग का जोड़ा लेकर जाएंगे। इसमें साड़ी या लहंगा होता है, साथ ही लाल चुन्नी होती है। होने वाली सास बहू के सिर को लाल चुन्नी से ढकती है और इस रस्म को ‘चुन्नी चढ़ाना’ कहते हैं। इस सेरेमनी में दोनों के परिवार के सदस्य ही शामिल होंगे। बता दें कि 22 जनवरी को वरुण और नताशा के परिवार वाले अलीबाग के लिए रवाना होंगे। जल्द ही सोशल मीडिया पर दोनों की शादी की रस्मों के वीडियोज और फोटोज वायरल होंगे। मालूम हो कि फिल्म ‘सुई धागा’ के प्रमोशन के दौरान वरुण धवन ने नताशा दलाल संग रिलेशनशिप कन्फर्म किया था। उन्होंने कहा था कि दोनों एक-दूसरे को डेट कर रहे हैं और जल्द ही शादी के बंधन में बंधेंगे।



